Published on: 17 Oct 2026
डॉ. आनंद शर्मा का प्रोफेसर ऑफ प्रैक्टिस पद पर चयन।*
इंदिरा गांधी विश्वविद्यालय, मीरपुर, रेवाड़ी के पूर्व सांस्कृतिक सलाहकार, रंगकर्मी एवं लेखक डॉ. आनंद शर्मा का चयन चौधरी देवीलाल विश्वविद्यालय, सिरसा में प्रोफेसर ऑफ प्रैक्टिस पद पर हुआ है। परफॉर्मिंग आर्ट्स के क्षेत्र में उनके अनुभव एवं विशेषज्ञता को ध्यान में रखते हुए उन्हें यह दायित्व सौंपा गया है।
डॉ. आनंद शर्मा का इंदिरा गांधी विश्वविद्यालय के साथ उल्लेखनीय जुड़ाव रहा है। सांस्कृतिक सलाहकार के रूप में उनके कार्यकाल के दौरान विश्वविद्यालय की सांस्कृतिक गतिविधियों को प्रोत्साहन मिला तथा विद्यार्थियों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने के अवसर प्राप्त हुए। उनके मार्गदर्शन में विश्वविद्यालय के विद्यार्थियों ने एआईयू (एसोसिएशन ऑफ इंडियन यूनिवर्सिटीज) के नॉर्थ जोन युवा महोत्सव एवं राष्ट्रीय युवा महोत्सव में भागीदारी करते हुए उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल कीं। इन प्रयासों से विद्यार्थियों में रचनात्मकता, मंचीय प्रस्तुति और सांस्कृतिक गतिविधियों के प्रति रुचि को बढ़ावा मिला।
डॉ. शर्मा महर्षि दयानंद विश्वविद्यालय, रोहतक के हिंदी विभाग तथा पत्रकारिता एवं जनसंचार विभाग के पूर्व छात्र हैं। उन्होंने हिंदी विषय में डी.लिट. की उपाधि प्राप्त की है। साहित्य एवं रंगमंच के क्षेत्र में सक्रिय रहने के साथ-साथ उन्होंने युवा कल्याण के क्षेत्र में भी योगदान दिया है। उनका अनुभव विद्यार्थियों को व्यावहारिक ज्ञान प्रदान करने तथा कला एवं संस्कृति से जुड़ी गतिविधियों को प्रोत्साहित करने में उपयोगी सिद्ध हो सकता है।
डॉ. आनंद शर्मा के चयन पर इंदिरा गांधी विश्वविद्यालय के पूर्व निदेशक, युवा कल्याण प्रो. रविंद्र कुमार, जिनके कार्यकाल में डॉ. शर्मा विश्वविद्यालय में सांस्कृतिक सलाहकार के रूप में कार्यरत थे, तथा वर्तमान निदेशक, युवा कल्याण डॉ. अदिति शर्मा ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए उन्हें बधाई दी। उन्होंने आशा व्यक्त की कि डॉ. शर्मा अपने अनुभव एवं विशेषज्ञता से चौधरी देवीलाल विश्वविद्यालय, सिरसा में विद्यार्थियों के मार्गदर्शन तथा परफॉर्मिंग आर्ट्स एवं सांस्कृतिक गतिविधियों के विकास में योगदान देंगे।
इंदिरा गांधी विश्वविद्यालय, मीरपुर परिवार ने डॉ. आनंद शर्मा को उनकी नई जिम्मेदारी के लिए शुभकामनाएं दीं और उनके सफल कार्यकाल की कामना की।